17 साल बाद भारत में बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप, सिंधु समेत इन सितारों पर नजर

नई दिल्ली । आज  से बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 का आगाज हो गया है। 17 से 23 अगस्त तक इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी भारत 17 साल बाद कर रहा है। इससे पहले 2009 में हैदराबाद में विश्व चैंपियनशिप आयोजित हुई थी।

भारत की नजरें खासतौर पर पीवी सिंधु, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी सहित कई स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी। सिंधु के पास विश्व चैंपियनशिप में अपना छठा पदक जीतने का मौका है। वह अब तक पांच पदक अपने नाम कर चुकी हैं, जिसमें 2019 का स्वर्ण पदक भी शामिल है। इस बार उन्हें नौवीं वरीयता मिली है और हाल में जापान ओपन का खिताब जीतने के बाद उनका आत्मविश्वास भी मजबूत है।



पुरुष डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भारतीय चुनौती के प्रमुख दावेदार हैं। दोनों ने 2025 विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था और इस बार भी पोडियम पर पहुंचने की कोशिश करेंगे। पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन और युवा आयुष शेट्टी पर भी निगाहें रहेंगी।

भारत अब तक विश्व चैंपियनशिप में 15 पदक जीत चुका है। इनमें एक स्वर्ण, चार रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत को पहला पदक 1983 में प्रकाश पादुकोण ने दिलाया था, जबकि देश का एकमात्र स्वर्ण पदक पीवी सिंधु के नाम है। 2011 के बाद से भारत ने हर संस्करण में कम से कम एक पदक जीता है।

प्रतियोगिता में पुरुष सिंगल्स, महिला सिंगल्स, पुरुष डबल्स, महिला डबल्स और मिक्स्ड डबल्स की पांच श्रेणियों में मुकाबले होंगे। इस बार भारतीय खिलाड़ियों से पदकों की संख्या बढ़ाने की उम्मीद है।

इन भारतीय खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

  • महिला सिंगल्स: पीवी सिंधु, उन्नति हुडा
  • पुरुष डबल्स: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी–चिराग शेट्टी, हरिहरन अम्सकरुनन–एमआर अर्जुन
  • महिला डबल्स: त्रिशा जॉली–गायत्री गोपीचंद, कविप्रिया सेल्वम–सिमरन सिंघी
  • मिक्स्ड डबल्स: ध्रुव कपिला–तनीषा क्रास्टो, रोहन कपूर–रुथविका गद्दे, आशिथ सूर्या–अमृता प्रमुथेश 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts