ग्राम खिर्वा में लगा निःशुल्क टीबी स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर
मेरठ। सरूरपुर टीबी यूनिट के अंतर्गत ग्राम खिर्वा में निःशुल्क टीबी स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान शाहिदा बेगम ने फीता काटकर किया।
शिविर में ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, संक्रमण से बचाव, समय पर जांच, नियमित एवं पूर्ण उपचार तथा संतुलित पोषण के महत्व की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को निःशुल्क डिजिटल छाती का एक्स-रे और टीबी जांच कराने के लिए भी प्रेरित किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि समय पर टीबी की पहचान और उपचार शुरू होने पर बीमारी का पूर्ण उपचार संभव है।
एचएलएफपीपीटी के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अजीत सिंह ने बताया कि भारत सरकार के राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी की जांच और उपचार की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर बिना संकोच निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं और समय पर उपचार शुरू करें।
शिविर में एएनएम रेशमा, आशा कार्यकर्ताओं तथा एक्स-रे टेक्नीशियन कपिल और आकाश सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय सहभागिता की। उन्होंने ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श देते हुए टीबी से बचाव और उपचार के प्रति जागरूक किया।
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने निःशुल्क डिजिटल छाती का एक्स-रे एवं टीबी जांच कराकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। आयोजन का उद्देश्य समुदाय में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संभावित मरीजों की समय पर पहचान करना और राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाना रहा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपील की गई कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना, रात में अधिक पसीना आना या भूख कम लगना जैसे लक्षण हों तो बिना देरी के निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर निःशुल्क टीबी जांच कराएं और आवश्यक उपचार शुरू करें।


No comments:
Post a Comment