ललित कला संस्थान में सजी ‘तिरंगा—देशभक्ति चित्र प्रदर्शनी’
मेरठ, 13 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के तहत चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान में ‘तिरंगा—देशभक्ति चित्र प्रदर्शनी’ आयोजित की गई। उद्घाटन मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने भारत माता के हस्तनिर्मित चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने तिरंगा, भारत माता, स्वतंत्रता सेनानी, वीर शहीद, भारतीय सैनिक, राष्ट्रीय एकता-अखंडता और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित चित्र, पेंटिंग, पोस्टर और हस्तनिर्मित कलाकृतियां प्रदर्शित कीं।
विद्यार्थियों की रचनाओं में तिरंगे के तीनों रंगों के माध्यम से साहस, शांति, त्याग और राष्ट्रप्रेम को प्रभावशाली ढंग से उकेरा गया। वीर शहीदों के हस्तनिर्मित चित्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कलाकृतियों का अवलोकन कर विद्यार्थियों की सृजनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। कला नई पीढ़ी को राष्ट्र, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम संयोजिका एवं ललित कला संस्थान की उपनिदेशक प्रो. अलका तिवारी ने अतिथियों को तिरंगा पटका पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की कला के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रगौरव की भावना जन-जन तक पहुंचाना आयोजन का उद्देश्य है।
इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता एवं कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, मुख्य पुस्तकालयाध्यक्ष प्रो. जीए सिद्दीकी और विशिष्ट अतिथि मितेंद्र कुमार गुप्ता ने भी विद्यार्थियों की कलाकृतियों की सराहना की। आयोजन में डॉ. पूर्णिमा वशिष्ठ, डॉ. शालिनी, दीपांजलि, मोहम्मद खालिद, कृतिका, रिद्धिमा, श्रेया, सिद्धांत, उज्ज्वल और विनिता गुप्ता सहित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का सहयोग रहा। प्रदर्शनी ने कला और राष्ट्रप्रेम के सुंदर संगम के साथ उपस्थित लोगों में तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को मजबूत किया।


No comments:
Post a Comment