सीएम योगी से मिले सोमेंद्र तोमर, मेरठ के विकास को लेकर रखे कई अहम मुद्दे
इनर रिंग रोड, बिजली बंबा बाईपास और जुर्रानपुर रेलवे क्रॉसिंग की समस्या से कराया अवगत; सेंट्रल मार्केट के नियमितीकरण और किसानों के मुआवजे का भी उठाया मुद्दा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर मेरठ के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष विभिन्न समस्याएं रखते हुए उनके समाधान के लिए मार्गदर्शन और आवश्यक हस्तक्षेप का अनुरोध किया।
भेंट के दौरान सोमेंद्र तोमर ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। साथ ही सैनिक कल्याण, राजनीतिक पेंशन एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की प्रगति रिपोर्ट से भी उन्हें अवगत कराया।
इनर रिंग रोड और जुर्रानपुर क्रॉसिंग का मुद्दा प्रमुखता से उठाया
राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री को बताया कि दिल्ली-मेरठ के बीच रैपिड रेल संचालन के बाद यातायात व्यवस्था में बदलाव आया है। बिजली बंबा बाईपास विभिन्न मार्गों के लिए महत्वपूर्ण लिंक मार्ग बन चुका है। वहीं, जुर्रानपुर रेलवे क्रॉसिंग का फाटक करीब सात मीटर चौड़ा होने के कारण यहां अक्सर घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि मेरठ में रिंग रोड के अभाव में भारी वाहनों को शहर के भीतर से गुजरना पड़ता है, जिससे यातायात दबाव के साथ वायु प्रदूषण की समस्या भी बढ़ रही है। ऐसे में मेरठ में इनर रिंग रोड का निर्माण बेहद जरूरी है।
सेंट्रल मार्केट के नियमितीकरण की मांग
सोमेंद्र तोमर ने सेंट्रल मार्केट की व्यावसायिक गतिविधियों के नियमितीकरण के लिए विशेष राहत योजना स्वीकृत करने का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि इससे बाजार के व्यापारियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को राहत मिल सकेगी।
इसके अलावा सेंटर फॉर लॉ एंड गुड गवर्नेंस की ओर से अवैध निर्माण को लेकर भेजे गए सुझाव पत्र पर भी मुख्यमंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की।
एमडीए योजनाओं के किसानों के अतिरिक्त प्रतिकर का मुद्दा
राज्यमंत्री ने मेरठ विकास प्राधिकरण की वेदव्यासपुरी, गंगानगर और लोहियानगर योजनाओं से प्रभावित किसानों को अतिरिक्त प्रतिकर दिलाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों को उचित राहत और न्याय मिलना चाहिए।
उन्होंने ग्राम कायस्थ गावड़ी, मोहिउद्दीनपुर, इकला और छज्जुपुर में एमडीए द्वारा अधिग्रहित भूमि के काश्तकारों को आयकर विभाग से मिले कैपिटल गेन नोटिसों के निस्तारण के लिए भी मुख्यमंत्री से आवश्यक हस्तक्षेप और समाधान का अनुरोध किया।
इंटीग्रेटेड टाउनशिप को गति देने पर जोर
बैठक में उत्तर प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड टाउनशिप के विकास कार्यों को गति देने का मुद्दा भी उठाया गया। सोमेंद्र तोमर ने कहा कि इससे मेरठ के सुनियोजित विकास के साथ आधुनिक आधारभूत सुविधाओं और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
इसके साथ ही आवास विकास परिषद की प्रस्तावित टाउनशिप के अंतर्गत आने वाले नरहाड़ा, जुर्रानपुर, गगोल, ततिना समेत 12 गांवों के सर्किल रेट में वृद्धि की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई।
सोमेंद्र तोमर ने कहा कि मेरठ के विकास से जुड़े इन विषयों पर मुख्यमंत्री से सकारात्मक मार्गदर्शन मिला है और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए आगे भी प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।


No comments:
Post a Comment