मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे की मिसिंग लिंक टनल में भीषण हादसा, फॉर्च्यूनर ने टेम्पो को मारी टक्कर; कारोबारी की मौत

मुंबई। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे की मिसिंग लिंक टनल में शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। पुणे से मुंबई की ओर जा रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने आगे चल रहे मालवाहक टेम्पो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे में पिंपरी-चिंचवड़ के वाकड निवासी कारोबारी तुषार भूमकर की मौके पर ही मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि फॉर्च्यूनर में सवार तीन अन्य लोग बाल-बाल बच गए।

टनल में CCTV में कैद हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, तुषार भूमकर अपने चार साथियों के साथ पुणे से मुंबई की ओर जा रहे थे। रात करीब 1:30 बजे मिसिंग लिंक टनल में उनकी फॉर्च्यूनर ने मालवाहक टेम्पो को पीछे से टक्कर मार दी।

टनल में लगे CCTV कैमरे में हादसे का पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ है। फुटेज में टक्कर की भयावहता साफ नजर आती है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और वाहन की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

दो घंटे तक डायवर्ट रहा मुंबई जाने वाला ट्रैफिक

हादसे के बाद मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। करीब दो घंटे तक मुंबई जाने वाला ट्रैफिक बंद रखा गया और वाहनों को पुराने रास्ते से डायवर्ट किया गया।

सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस, IRB टीम, देवदूत और अन्य राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। राहतकर्मियों ने क्षतिग्रस्त वाहनों से घायलों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

दोनों वाहनों को सड़क से हटाए जाने के बाद मुंबई की ओर जाने वाला यातायात दोबारा शुरू कर दिया गया।

28 अगस्त को था तुषार का जन्मदिन

तुषार भूमकर का जन्मदिन 28 अगस्त को आने वाला था। परिवार और करीबी दोस्त उनके जन्मदिन की तैयारियां करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही हादसे में उनकी मौत की खबर से वाकड इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

तुषार की पत्नी ने कांग्रेस के टिकट पर महानगरपालिका चुनाव भी लड़ा था। घटना के बाद सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया है।

हाईवे पुलिस हादसे की आगे की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts