यमन और सऊदी अरब पर हूती हमले का दावा, यमन में 58 सैनिकों की मौत; सऊदी में 11 घायल
यमन/सऊदी अरब। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों से जुड़े हमलों को लेकर पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है। गुरुवार को यमन और सऊदी अरब में हमलों की खबर सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक, यमन में सैन्य ठिकानों को बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया गया, जिसमें 58 सैनिकों की मौत हुई और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए।
यमन के रक्षा मंत्रालय ने हमले के बाद कहा है कि इसका जवाब उचित समय और उचित जगह पर दिया जाएगा।
सऊदी अरब के नजरान में 11 लोग घायल
सऊदी अरब के नजरान में भी हमले की खबर है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, घटना में 11 नागरिक घायल हुए हैं। घायलों में 7 सऊदी नागरिक, एक यमनी, दो मिस्र के नागरिक, एक पाकिस्तानी नागरिक और एक चार वर्षीय बच्चा शामिल बताया गया है।
हमले के बाद नजरान के कई इलाकों में आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल और राहत टीमों को मौके पर भेजा गया।
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट
1. होर्मुज डील पर अमेरिका-ईरान में बातचीत की संभावना
AP की रिपोर्ट के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की संभावना जताई जा रही है। ईरान और ओमान के बीच प्रस्तावित समझौते का मसौदा अंतिम चरण में होने की बात कही गई है।
2. ट्रंप का दावा- ईरान बातचीत चाहता है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने खुद बातचीत की पहल की है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत में प्रगति हो रही है और समझौता ईरान के लिए बेहतर विकल्प होगा।
3. होर्मुज और बाब-अल-मंदेब में शिपिंग ट्रैफिक घटा
समुद्री ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, बुधवार को होर्मुज स्ट्रेट से केवल दो जहाज गुजरने की जानकारी सामने आई। तनाव से पहले यहां रोजाना करीब 130 से 140 जहाज गुजरते थे। बाब-अल-मंदेब में भी जहाजों की आवाजाही में कमी बताई गई है।
4. होर्मुज में टोल से बढ़ सकती है वैश्विक महंगाई
दुनिया के आठ बड़े शिपिंग संगठनों ने संयुक्त राष्ट्र और इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन (IMO) से अपील की है कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर टोल या अतिरिक्त सर्विस शुल्क नहीं लगाया जाए। संगठनों का कहना है कि इससे समुद्री परिवहन महंगा हो सकता है और वैश्विक महंगाई पर असर पड़ सकता है।
5. दक्षिणी लेबनान में दो इजराइली सैनिकों की मौत
दक्षिणी लेबनान में एक इमारत में हुए धमाके में दो इजराइली सैनिकों की मौत और चार के घायल होने की खबर है। इसके बाद इजराइल की ओर से कई इलाकों में हवाई हमले किए जाने की जानकारी सामने आई है।


No comments:
Post a Comment