CJP ने घोषित की पहली नेशनल वर्किंग कमेटी, 14 पदों की जिम्मेदारी तय; सितंबर से शुरू होगा ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 6 अगस्त 2026 को अपनी पहली नेशनल वर्किंग कमेटी की घोषणा कर संगठन को औपचारिक ढांचा देने का ऐलान किया है। पार्टी का कहना है कि अब वह सोशल मीडिया आधारित आंदोलन से आगे बढ़कर देशभर में संगठन विस्तार और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अभियान चलाएगी।

CJP खुद को युवा आधारित व्यंग्यात्मक राजनीतिक आंदोलन और दबाव समूह के तौर पर पेश करती है। संगठन की शुरुआत मई 2026 में मुख्य न्यायाधीश की बेरोजगार युवाओं को लेकर की गई कथित टिप्पणी के विरोध से हुई थी। पार्टी का दावा है कि वह बेरोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

अभिजीत दीपके ने संभाली राष्ट्रीय जिम्मेदारी

News18 और NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को फाउंडर और नेशनल कन्वेनर बनाया गया है। आशुतोष रांका और सौरव दास को को-कन्वेनर की जिम्मेदारी दी गई है।

नई कार्यसमिति की घोषणा महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में दो दिन तक चली कोर कमेटी की बैठक के बाद की गई।

किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी?

CJP ने संगठन, मीडिया, कानूनी मामलों, रिसर्च, टेक्नोलॉजी और वित्त समेत कुल 14 पदों की जिम्मेदारियां तय की हैं। पार्टी के मुताबिक 11 लोगों को इन पदों पर जिम्मेदारी दी गई है।

  • नेशनल कन्वेनर: अभिजीत दीपके
  • को-कन्वेनर: आशुतोष रांका, सौरव दास
  • नेशनल ऑर्गेनाइजेशन इन-चार्ज: अजिंक्य शिंदे (35)
  • संगठन सह-प्रभारी: दीपक बालियान (26)
  • राष्ट्रीय सचिव: आफरीन नवाज (34)
  • मीडिया लीड: विजय रेड्डी मल्लांगी (30)
  • लीगल अफेयर्स लीड: रत्ना सिंह (31)
  • रिसर्च एंड पॉलिसी लीड: वैष्णवी गौर (29)
  • टेक्नोलॉजी लीड: रोहन देशपांडे (31)
  • फाइनेंस लीड: योगेश इंगले (33)

पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल इन नामों के अलावा कोई अन्य आधिकारिक पदाधिकारी नहीं है।

चार जोन में भी नियुक्त किए प्रभारी

CJP ने संगठन को चार जोन में बांटते हुए जोनल प्रभारियों की भी घोषणा की है।

  • नॉर्थ जोन: दीपक बालियान
  • साउथ जोन: विजय रेड्डी मल्लांगी
  • ईस्ट और नॉर्थ ईस्ट जोन: अंकित भारद्वाज (35)
  • वेस्ट जोन: योगेश इंगले

पार्टी का कहना है कि अगले छह महीनों में राज्य समन्वय समितियों के साथ लोकसभा और शहर स्तर की इकाइयां गठित करने की योजना है।

सितंबर से ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके के मुताबिक, पार्टी सितंबर से ‘क्या बोलती पब्लिक’ नाम से राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करेगी। इस अभियान के तहत शिक्षा, न्याय व्यवस्था और रोजगार जैसे मुद्दों पर जनता की राय जानने की बात कही गई है।

पार्टी का विशेष फोकस बेरोजगारी और युवाओं के वेतन से जुड़े मुद्दों पर रहेगा।

कोर कमेटी को लेकर उठे सवाल

CJP के संगठनात्मक विस्तार के बीच कुछ युवाओं ने कोर कमेटी के गठन को लेकर भाई-भतीजावाद के आरोप भी लगाए और प्रदर्शन किया। हालांकि, इन विवादों के बीच पार्टी ने अपनी पहली नेशनल वर्किंग कमेटी की आधिकारिक सूची जारी कर दी है।

CJP का कहना है कि नई टीम के गठन के साथ उसका लक्ष्य सोशल मीडिया गतिविधियों से आगे बढ़कर देशभर में जमीनी स्तर पर संगठन खड़ा करना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts