15 दिन पहले बेटे को जन्म देने वाली विवाहिता की पीटकर हत्या

 दहेज में कार की मांग का आरोप

मेरठ/सरधना। सरधना थाना क्षेत्र के पोहल्ली गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका ने करीब 15 दिन पहले ही बेटे को जन्म दिया था। मायके पक्ष ने पति समेत ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रोहटा थाना क्षेत्र के चिंदौड़ी खास निवासी नवदीप पुत्र अमरेश ने बताया कि उसकी बहन प्रीति की शादी करीब चार वर्ष पहले पोहल्ली गांव निवासी अनिरूद्ध पुत्र महिपाल से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रीति का उत्पीड़न करते थे और उसके साथ मारपीट की जाती थी।

एक साल पहले बेटी के साथ घर से निकाला था

मायके पक्ष के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले भी ससुरालियों ने प्रीति को उसकी बेटी के साथ घर से निकाल दिया था। बाद में गांव के गणमान्य लोगों के हस्तक्षेप के बाद उसे दोबारा ससुराल भेजा गया। परिजनों का आरोप है कि 15 दिन पहले प्रीति ने एक पुत्र को जन्म दिया था। इसके बाद पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज में कार की मांग शुरू कर दी।

आरोप है कि कार की मांग पूरी नहीं होने पर प्रीति को दोबारा घर से निकालने की धमकी दी गई। मंगलवार रात पति और अन्य ससुरालियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग पोहल्ली गांव पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पति अनिरूद्ध, देवर धीरज, सास और ससुर महिपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

स्वजन ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष और ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर मुख्यमंत्री से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्वजन ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts