शॉर्ट सर्किट से मकान में भीषण आग, बेटी की शादी का सामान समेत डेढ़ लाख का नुकसान

मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के संजय नगर में बुधवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से एक मकान की पहली मंजिल पर भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने कमरे में रखा पूरा सामान अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान नीचे खेल रहे बच्चों ने धुआं और लपटें देखकर शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग में कपड़े, फर्नीचर, घरेलू सामान और जरूरी दस्तावेज समेत गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। परिवार के मुताबिक करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सबसे बड़ा सदमा यह है कि नवंबर में बेटी की शादी होनी है और शादी के लिए लंबे समय से जुटाकर रखा गया सामान भी आग में जल गया।

फ्रिज के प्लग में शॉर्ट सर्किट की आशंका

संजय नगर में मेरठ इंजीनियरिंग एसोसिएशन के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर एनसी वर्मा के मकान में दो परिवार किराए पर रहते हैं। पहली मंजिल पर ई-रिक्शा चालक कुलेंद्र अपनी पत्नी मोना, बेटी रेशू और बेटे नितेश के साथ रहते हैं।

बुधवार दोपहर करीब तीन बजे परिवार के सदस्य घर से बाहर थे। कुलेंद्र फैक्ट्री में काम कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी मोना घरेलू काम करने गई थीं। इसी दौरान पहली मंजिल से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि फ्रिज के प्लग में शॉर्ट सर्किट के कारण निकली चिंगारी से आग लगी। हालांकि दमकल विभाग ने आग के वास्तविक कारण की जांच शुरू कर दी है।

नीचे खेल रहे बच्चों ने मचाया शोर

हादसे के समय नीचे खेल रहे बच्चे आकाश और ओम ने सबसे पहले आग को देखा। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल विभाग को सूचना देने के बाद टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।

आग की सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी पहुंचे और सामान निकालने की कोशिश की, लेकिन कमरे में धुआं इतना भर गया कि उनका दम घुटने लगा। आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और इसके बाद किसी को भी अंदर जाने नहीं दिया गया।

बेटी की शादी के लिए जोड़ा था सामान, सब राख

पीड़िता मोना ने बताया कि नवंबर में बेटी की शादी तय है। परिवार आर्थिक स्थिति के अनुसार काफी समय से धीरे-धीरे शादी का सामान जुटा रहा था। आग में वह पूरा सामान जल गया।

उन्होंने बताया कि पति की पैंट की जेब में रखे 10 हजार रुपये नकद भी आग की भेंट चढ़ गए। घर में रखा कपड़ा, फर्नीचर और रोजमर्रा की जरूरत का सामान तक नहीं बचा। परिवार के मुताबिक अब उनके पास पहनने तक के पर्याप्त कपड़े नहीं हैं।

मकान मालिक और पड़ोसियों ने बढ़ाया मदद का हाथ

घटना की जानकारी मिलते ही मकान मालिक एनसी वर्मा का परिवार भी मौके पर पहुंचा। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। वहीं मोहल्ले के लोगों ने भी परिवार की तत्काल जरूरतों को देखते हुए कपड़े और जरूरी सामान उपलब्ध कराने के लिए सहयोग शुरू किया।

राहत की बात यह रही कि आग की चपेट में आने से कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग की टीम ने गुरुवार को भी मौके का निरीक्षण किया। आग के कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है, लेकिन अंतिम रिपोर्ट के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts