शोरूम में सर्विस को आई थार के डैशबोर्ड से 20 हजार गायब, CCTV में दो कर्मचारी दिखे
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र स्थित एक कार शोरूम में सर्विस के लिए पहुंची नई थार रॉक्स के डैशबोर्ड से 20 हजार रुपये गायब होने का मामला सामने आया है। कार मालिक के ड्राइवर ने शोरूम प्रबंधन को जानकारी देने के बाद पुलिस से शिकायत की। शोरूम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज में कार के आसपास दो युवक दिखाई दिए, जिन्हें ड्राइवर ने शोरूम कर्मचारी बताया है। हालांकि, पूछताछ के बावजूद रुपये बरामद नहीं हो सके।
बंपर में शिकायत के चलते शोरूम पहुंची थी थार
जेलचुंगी निवासी अजीत कुमार ड्राइवर हैं। वह सिविल लाइन क्षेत्र के राजलोक सिविल लाइंस निवासी शालिनी सिंह की गाड़ी चलाते हैं। अजीत के मुताबिक हाल ही में थार रॉक्स खरीदी गई है और अभी उसका रजिस्ट्रेशन नंबर भी नहीं आया है।
गाड़ी के बंपर में शिकायत होने के कारण गुरुवार को उसे बदलवाने के लिए शोरूम लाया गया था। बंपर का भुगतान इंश्योरेंस के जरिए होना था, इसलिए अजीत अपने साथ 20 हजार रुपये लेकर पहुंचा था।
डैशबोर्ड में रखे थे 20 हजार रुपये
अजीत का कहना है कि उसने 20 हजार रुपये कार के डैशबोर्ड के अंदर रख दिए और कुछ देर के लिए गाड़ी से दूर चला गया। वापस लौटने पर डैशबोर्ड में रखे रुपये गायब मिले।
उसने तत्काल शोरूम मैनेजर को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और शोरूम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
CCTV में कार के आसपास दिखे दो युवक
फुटेज में दो युवक कार के आसपास दिखाई दिए। अजीत का दावा है कि दोनों शोरूम के कर्मचारी हैं। उसने उनकी गतिविधियों को संदिग्ध बताते हुए दोनों से पूछताछ की मांग की है।
हालांकि काफी पूछताछ के बाद भी 20 हजार रुपये बरामद नहीं हुए। इसके बाद अजीत परतापुर थाने पहुंचा और रुपये बरामद कराने के साथ मामले की जांच की मांग करते हुए तहरीर दी।
थानाध्यक्ष बोले- शिकायत की जानकारी नहीं
अजीत कुमार का कहना है कि उसने परतापुर थाने में तहरीर दी है। वहीं, परतापुर थानाध्यक्ष अजय शुक्ला ने इस तरह की शिकायत की जानकारी होने से इंकार किया है।
पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल रुपये चोरी होने के आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।


No comments:
Post a Comment