यूपी की राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पहली बार नाडा की मौजूदगी
23 से 25 अगस्त तक प्रयागराज में होगी प्रतियोगिता, 70 जिलों के करीब 1900 बालक-बालिकाएं 157 स्पर्धाओं में दिखाएंगे दम
मेरठ । उत्तर प्रदेश की राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पहली बार नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) की आधिकारिक मौजूदगी रहेगी। उत्तर प्रदेश एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष आशुतोष भल्ला के अनुसार, राज्य में आयोजित होने वाली किसी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पहली बार नाडा की उपस्थिति खिलाड़ियों के बीच पारदर्शी और डोपिंग मुक्त खेल वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 25 अगस्त 2026 तक प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के सभी 70 जिलों से करीब 1900 बालक और बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता में अंडर-20, अंडर-18, अंडर-16 और अंडर-14 आयु वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इन चार आयु वर्गों में कुल 157 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। विभिन्न जिलों से पहुंचने वाले खिलाड़ी एथलेटिक्स की अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए आगे राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर भी मिलेगा। प्रत्येक स्पर्धा में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का चयन 14 से 16 सितंबर 2026 तक उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित होने वाली नॉर्थ जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नाडा की मौजूदगी से खिलाड़ियों को साफ-सुथरी और निष्पक्ष खेल व्यवस्था का संदेश मिलेगा। साथ ही युवा खिलाड़ियों में प्रतिबंधित पदार्थों के इस्तेमाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी यह पहल अहम मानी जा रही है। प्रतियोगिता में मेरठ और बुलंदशहर के कुल 85 खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इनमें मेरठ के 69 और बुलंदशहर के 16 खिलाड़ी शामिल हैं। आयु वर्ग के अनुसार अंडर-20 में 29, अंडर-18 में 24, अंडर-16 में 18 और अंडर-14 में 14 खिलाड़ियों की प्रविष्टियां हैं।


No comments:
Post a Comment