मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया राष्ट्रीय खेल दिवस
कनोहर लाल महिला महाविद्यालय में कैरम प्रतियोगिता आयोजित, विजेता छात्राओं को कप और प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
मेरठ, 29 अगस्त। कनोहर लाल स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में शनिवार को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के स्मरण में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की डीन डॉ. राखी त्यागी और प्रॉक्टर प्रो. विनीत गुप्ता ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा सुहानी यादव ने भाषण तथा ईशा सिंह ने कविता के माध्यम से मेजर ध्यानचंद के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। छात्राओं ने उनके खेल जीवन और देश के लिए योगदान को याद करते हुए खेलों के प्रति युवाओं को प्रेरित करने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महाविद्यालय में कैरम प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। माही राजपूत ने प्रथम, शिवानी ने द्वितीय और सोहानी यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को कप और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन स्पोर्ट्स क्लब की को-कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रतिमा चौरसिया और स्पोर्ट्स कोच सेजल चौधरी ने किया। कार्यक्रम में कालिंदी सिंह, अंशु बंसल सहित अन्य प्रवक्ताएं और छात्राएं मौजूद रहीं।
अंत में स्पोर्ट्स क्लब की को-कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रतिमा चौरसिया ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ।


No comments:
Post a Comment