शहीद मंगल पांडे महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल प्रतियोगिताएं
मेजर ध्यानचंद के जीवन और उपलब्धियों से छात्राओं को कराया अवगत, खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान
मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रमों एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जीवन, संघर्ष और खेल उपलब्धियों को याद करते हुए छात्राओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद के जीवन पर केंद्रित परिचर्चा से हुई। छात्राओं ने उनकी जीवनी का वाचन किया। इसके बाद डॉ. नितिन चौधरी ने मेजर ध्यानचंद के जीवन एवं उनकी खेल उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. अंजू सिंह ने छात्राओं को जीवन में खेलों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और अपनी प्रतिभा के माध्यम से देश का नाम रोशन करना चाहिए।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छात्राओं के लिए विभिन्न मनोरंजनात्मक क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इनमें वर्णिका, खुशी, शालू, तनीषा, अंजू और नेहा सहित अनेक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में डॉ. धीरज कुमार, डॉ. सत्यपाल राणा, डॉ. अजय कुमार, डॉ. रिचा राणा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं में छात्राओं के उत्साह और सहभागिता ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।


No comments:
Post a Comment