मेडिकल कॉलेज में फ्लू और स्वाइन फ्लू से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम
‘फ्लू के लक्षण पहचानें, बचाव अपनाएं: जागरूकता ही सुरक्षा’ विषय पर स्वास्थ्य वार्ता, मरीजों की जांच कर दिया चिकित्सकीय परामर्श
मेरठ। मेडिकल कॉलेज के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से फ्लू एवं स्वाइन फ्लू (इन्फ्लुएंजा ए/एच1एन1) के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शहरी स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (यूएचटीसी) में स्वास्थ्य वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय ‘फ्लू के लक्षण पहचानें, बचाव अपनाएं: जागरूकता ही सुरक्षा’ रहा।
स्वास्थ्य वार्ता में डॉ. नागेंद्र, डॉ. शोभित, डॉ. ईशा एवं डॉ. सुधांशु ने लोगों को फ्लू के प्रमुख लक्षण एवं संकेत, संक्रमण के प्रसार के तरीके तथा बचाव के उपायों की जानकारी दी। चिकित्सकों ने फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने के महत्व पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान संक्रमण से बचाव के लिए हाथों की नियमित सफाई, खांसते और छींकते समय मुंह ढकने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई। लोगों को स्वच्छता और सतर्कता के माध्यम से संक्रमण के प्रसार को रोकने के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं, सामुदायिक चिकित्सा विभाग की फ्लू ओपीडी में डॉ. दिर्तेश एवं डॉ. शिवम ने मरीजों की जांच की। इस दौरान मरीजों को उनकी स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि फ्लू के लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर जांच व उपचार कराकर संक्रमण को गंभीर रूप लेने से रोकने के लिए सतर्क रहें।


No comments:
Post a Comment