मेजर ध्यानचंद की जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस, पैरा एथलेटिक्स में 100 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दम

कैलाश प्रकाश स्टेडियम में पुरुष-महिला वर्ग की प्रतियोगिता, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने किया शुभारंभ

मेरठ, 29 अगस्त। हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को मेरठ में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला पैरा खेल संघ, मेरठ की ओर से कैलाश प्रकाश स्टेडियम में पुरुष एवं महिला वर्ग की पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जनपद के 100 से अधिक पैरा एथलीटों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और निरंतर मेहनत, लगन एवं अनुशासन के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला पैरा खेल संघ के जिलाध्यक्ष अश्वनी गुप्ता के नेतृत्व में कराया गया।

इन खिलाड़ियों ने जीते पदक

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर टी-35 में कार्तिक ने स्वर्ण और टी-36 में नवनीत ने स्वर्ण पदक हासिल किया। शॉटपुट एफ-20 में ऋतिक ने स्वर्ण, स्वस्तिक ने रजत और नक्स ने कांस्य पदक जीता।

शॉटपुट एफ-46 में वैश्णवी ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि डिस्कस थ्रो एफ-53 में शावेज ने स्वर्ण पदक जीता। 100 मीटर टी-11 में नैना और गौरव ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया।

लॉन्ग जंप टी-20 में नक्स तथा 400 मीटर टी-20 में स्वस्तिक ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं शॉटपुट एफ-40 में सौम्या ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी जितेंद्र यादव, अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट फातिमा खातून एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रफुल त्यागी ने पदक विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts