ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग पर होगी सख्ती, सीएम योगी ने दिए कार्रवाई के निर्देश

रक्षाबंधन पर 27 अगस्त सुबह से 29 अगस्त रात तक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, प्रमुख मार्गों पर बढ़ेगी पेट्रोलिंग

लखनऊ। रक्षाबंधन के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में यातायात और परिवहन व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने शहरों, एक्सप्रेसवे, हाईवे और प्रमुख मार्गों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और अधिक किराया वसूली के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने को कहा है।

रविवार को अधिकारियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और नशे में वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती के निर्देश दिए। मालवाहक वाहनों और ट्रैक्टरों में यात्रियों के अनधिकृत परिवहन को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।

हादसे में गोल्डन ऑवर का हो अधिकतम इस्तेमाल

सीएम ने सड़क सुरक्षा के लिए परिवहन, पुलिस, यातायात और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना की स्थिति में गोल्डन ऑवर का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने और राहत एवं बचाव केंद्रों को तकनीक से जोड़ने पर जोर दिया। इससे दुर्घटना की सूचना मिलते ही नजदीकी ट्रॉमा सेंटर और एंबुलेंस तक तत्काल पहुंच बनाई जा सकेगी।

25 अगस्त तक यूनियनों के साथ बैठक

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में 25 अगस्त तक बस, टैक्सी और ऑटो-टेंपो यूनियनों के साथ समन्वय बैठक करने को कहा। उन्होंने निर्धारित किराया ही वसूलने, ओवरलोडिंग रोकने और यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रक्षाबंधन के दौरान टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन कराने तथा केवल सत्यापित और सक्षम चालकों से ही वाहन चलवाने को कहा गया है। प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भी विशेष यातायात प्रबंधन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

27 अगस्त से महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा

रक्षाबंधन पर महिलाओं और उनके एक सहयात्री के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने इस सुविधा की अवधि बढ़ाते हुए 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक मुफ्त यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारी के साथ नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों में भी आवश्यक व्यवस्था करने को कहा। 25 से 29 अगस्त के बीच यात्री दबाव को देखते हुए बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बाजारों और शहरों के प्रवेश-निकास मार्गों पर पहले से यातायात योजना तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बस अड्डों पर सीसीटीवी और फर्स्ट एड की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने बस स्टेशनों पर सीसीटीवी, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को रक्षाबंधन के दौरान बस अड्डों पर अलग से फर्स्ट एड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

मथुरा-वृंदावन, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, विंध्याचल-मिर्जापुर और गोरखपुर जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष यातायात प्रबंधन किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts