कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा का जायजा, डीएम-एसएसपी ने परखी व्यवस्थाएं

गंगनहर पटरी के सलावा, अटेरना, दौराला और नानू पुल का किया निरीक्षण; साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

मेरठ, 2 अगस्त। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिलाधिकारी डाॅ. वीके सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने संबंधित अधिकारियों के साथ गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सलावा पुल, अटेरना पुल, दौराला पुल और नानू पुल समेत कांवड़ मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीएम और एसएसपी ने कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ सीसीटीवी कैमरे, साइन बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सड़क मरम्मत एवं पेंचवर्क की स्थिति भी देखी।

महिला कांवड़ियों की सुरक्षा पर विशेष जोर

अधिकारियों ने मार्ग पर जल निकासी, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, विद्युत खंभों को पॉलीथिन से कवर कराने और ट्रांसफार्मर को जाली से सुरक्षित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा शौचालय, मोबाइल टॉयलेट, महिला कांवड़ियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य शिविर, मोबाइल एंबुलेंस, गोताखोर और मोटरबोट की उपलब्धता समेत अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने को कहा।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ नूपुर गोयल, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts