250 युवाओं की मानव श्रृंखला से गूंजा नशामुक्ति का संदेश

एमआईटी में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान का शुभारंभ, पीएम मोदी का संबोधन सुना

मेरठ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायत्तशासी निकाय माय भारत के तत्वावधान में एमआईटी, मेरठ में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में 250 से अधिक युवाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया। युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन भी सुना और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बागपत लोकसभा सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, एमआईटी निदेशक डॉ. केएलए खान, प्रिंसिपल डॉ. हिमांशु शर्मा, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. संजय माथुर और अजय चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएंगे।

‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ के लगाए नारे

माय भारत के प्रोग्राम सुपरवाइजर नरेंद्र त्यागी ने युवाओं को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवाओं की जागरूकता ही अभियान की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार, मित्रों और समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

इसके बाद 250 से अधिक युवाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’, ‘स्वस्थ युवा–समृद्ध भारत’ और ‘नशामुक्त भारत, विकसित भारत’ जैसे नारों के जरिए जनजागरूकता का संदेश दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

नशामुक्ति क्लब का किया उद्घाटन

मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल, कौशल विकास, नवाचार और राष्ट्र सेवा में ऊर्जा लगाने का आह्वान किया।

एमआईटी निदेशक डॉ. केएलए खान ने युवाओं द्वारा गठित नशा मुक्ति क्लब का उद्घाटन किया। क्लब के सदस्यों को संस्थान का नशा मुक्ति ब्रांड एंबेसडर घोषित करते हुए उन्होंने कहा कि क्लब के माध्यम से जागरूकता अभियान, कार्यशालाएं, संवाद और जनसंपर्क कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

जिला युवा अधिकारी यशवंत यादव ने कहा कि माय भारत के स्वयंसेवक पूरे जनपद में अभियान को जन-आंदोलन का रूप देंगे। उन्होंने युवाओं से खेल, शिक्षा, सामाजिक सेवा और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में युवाओं ने जीवनभर नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। आयोजन में माय भारत स्वयंसेवक संदीप कुमार, निशु, दीपांशी, कहकशा सहित डॉ. संजय माथुर, संस्थान के शिक्षकगण एवं स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts