छात्राओं ने चलाया नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान

रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने लोगों को बताए नशे के दुष्प्रभाव, स्वस्थ समाज का दिया संदेश

मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में छात्र कल्याण परिषद के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा और विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। प्राचार्या प्रो. निवेदिता मलिक के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में शिक्षिकाओं और छात्राओं ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

अभियान के तहत आयुषी, गुनगुन, काजल यादव, मनु, प्राची, अज्मी परवीन और तल्बिया सहित छात्राओं ने लोगों से संवाद किया। उन्होंने नशे के कारण होने वाली सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी देते हुए नागरिकों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया।

युवाओं की भागीदारी से बनेगा विकसित भारत

प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने कहा कि नशामुक्त समाज तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे। युवाओं की सकारात्मक भागीदारी से ही स्वस्थ, सुरक्षित, सशक्त और विकसित भारत का निर्माण किया जा सकता है।

डीन छात्र कल्याण परिषद प्रो. अनु रस्तोगी, कार्यक्रम समन्वयक प्रो. अपर्णा वत्स, परिषद सदस्य डॉ. चिंकी उपाध्याय, डॉ. स्वाति शर्मा, डॉ. उपासना, डॉ. शैल वर्मा और मिस ज्योति ने भी विभिन्न स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाया। शिक्षिकाओं ने समाज के प्रत्येक वर्ग से नशे के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने और विशेष रूप से युवाओं को इस सामाजिक बुराई से बचाने की अपील की।

अभियान का उद्देश्य नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करना रहा। स्थानीय नागरिकों ने भी छात्राओं और शिक्षिकाओं की पहल की सराहना करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts