अखिलेश यादव बोले- देश को परिसीमन से ज्यादा सीमाओं की सुरक्षा की जरूरत, भाजपा से पूछे सवाल

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में देश को परिसीमन से ज्यादा अपनी सीमाओं की सुरक्षा की जरूरत है। भाजपा को बताना चाहिए कि वर्ष 2014 में देश का क्षेत्रफल कितना था और अब कितना है।

अखिलेश यादव हजरतगंज में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं और सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए।

महंगाई और E20 को लेकर सरकार पर निशाना

सपा अध्यक्ष ने देश में बढ़ती महंगाई का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल में E20 मिलाया जा रहा है और सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। किसानों को खाद और डीएपी की उपलब्धता को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि खाद की चोरी हो रही है।

उन्होंने लखनऊ में सफाई व्यवस्था पर भी भाजपा सरकार को घेरा। अखिलेश ने कहा कि पूरे लखनऊ में कूड़ा पड़ा हुआ है। उन्होंने भाजपा के 300 करोड़ पेड़ लगाने के दावे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि ये पेड़ कहां लगाए गए हैं।

पीडीए की लड़ाई जारी रखने का दावा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए की लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी समाज को जागरूक करने और लोगों को जोड़ने का काम करती रहेगी।

रानी अवंतीबाई लोधी को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में उनका योगदान रानी लक्ष्मीबाई के योगदान की तरह ही महत्वपूर्ण था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी रानी अवंतीबाई लोधी के समाज को हक और अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts