वाराणसी एयरपोर्ट पर अचानक चली गोली, महिला और युवक घायल; यात्री के पास थी पिस्टल
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। गोली लगने से एक महिला और एक युवक घायल हो गए। दोनों को तत्काल हरहुआ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ का एक यात्री एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाने वाला था। उसके पास पिस्टल और मैगजीन थी, जिसे यात्री ने एयरपोर्ट पर पहले से घोषित किया था। इसी दौरान अचानक उसकी पिस्टल से गोली चल गई।
गोली पहले जमीन से टकराई और इसके बाद पास खड़े महिला और युवक को जा लगी। महिला की जांघ में जबकि युवक के हाथ में गोली लगी है। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट सुरक्षा और पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस और एयरपोर्ट अथॉरिटी पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों की जांच के बाद ही गोली चलने की पूरी वजह और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।


No comments:
Post a Comment