शीलकुंज में मूलभूत सुविधाओं को लेकर फूटा गुस्सा, गेट पर धरने पर बैठे कॉलोनीवासी

आवारा कुत्ते, बिजली-पानी और सुरक्षा व्यवस्था से परेशान लोगों ने सात दिन का दिया अल्टीमेटम, मांगें पूरी होने तक टेंट लगाकर धरने का ऐलान

मेरठ। पल्लवपुरम स्थित शीलकुंज कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली को लेकर रविवार को कॉलोनीवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं, बुजुर्गों और बड़ी संख्या में निवासियों ने गेट नंबर-1 पर धरना-प्रदर्शन कर मेंटेनेंस, सुरक्षा, आवारा कुत्तों, बिजली और पानी की समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने साफ किया कि समस्याओं का लिखित और संतोषजनक समाधान होने तक धरना जारी रहेगा और जरूरत पड़ी तो धरना स्थल पर टेंट लगाया जाएगा।

कॉलोनी निवासी एवं कांग्रेस नेता अवनीश काजला ने आरोप लगाया कि पिछले कई महीनों से मेंटेनेंस का काम इंडस वैली प्रमोटर्स की बीएनबी कंपनी के पास है, लेकिन इसके बावजूद कॉलोनी की व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। लोगों को लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

सात दिन का अल्टीमेटम, टेंट लगाकर जारी रहेगा धरना

आरपी गुप्ता ने बताया कि धरने के दौरान सर्वसम्मति से बीएनबी को सात दिन का समय दिया गया है। इस अवधि में चार प्रमुख समस्याओं का लिखित समाधान नहीं होने पर धरना स्थल पर टेंट लगाकर आंदोलन जारी रखा जाएगा।

कॉलोनीवासियों ने यह भी चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो घरों के बाहर ‘पलायन को मजबूर’ होने के फ्लेक्स लगाए जाएंगे। इसके बाद पूर्व सूचना देकर बिल्डर अजय गुप्ता का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि घेराव कर्मचारियों का नहीं, बल्कि बिल्डर का किया जाएगा।

मेंटेनेंस के चेक समिति के पास रहेंगे

कॉलोनीवासियों ने निर्णय लिया कि मेंटेनेंस के चेक फिलहाल शीलकुंज न्याय एवं सुधार समिति के पास जमा रहेंगे। अगले छह माह के चेक भी समिति के पास ही रखे जाएंगे। लोगों का कहना है कि चार प्रमुख समस्याओं का लिखित एवं संतोषजनक समाधान होने के बाद ही ये चेक बीएनबी को सौंपे जाएंगे।

आवारा कुत्तों और बिजली-पानी की समस्या से भी परेशान

धरने पर बैठे लोगों ने बताया कि कॉलोनी में मेंटेनेंस के अलावा सुरक्षा व्यवस्था, आवारा कुत्तों, बिजली और पानी की समस्याएं भी लंबे समय से बनी हुई हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि नियमित मेंटेनेंस शुल्क लिए जाने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। अब वे लिखित समाधान मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर विचार करेंगे।

धरने में अवनीश काजला, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, प्रदीप सेठी, मनोज गर्ग, विपिन राणा, सोनी त्यागी, हरिओम कंसल, डॉ. एनके गुप्ता, हेमराज चौहान, प्रज्ञा पंवार, प्रबल साहनी, राहुल नैन, अंकित बालियान, सुदीप आनंद और डॉ. संदीप भंडारी समेत बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts