लोहियानगर योजना में MDA के खिलाफ किसानों का मोर्चा, रुका प्रतिकर और प्लॉट नहीं मिला तो काम रोकने की चेतावनी
किसान पंचायत के बाद धरने पर बैठे अन्नदाता, बोले- पहले बकाया प्रतिकर और पात्र किसानों को प्लॉट दो, फिर योजना में चलेगा कोई काम
मेरठ। लोहियानगर योजना में रुके हुए प्रतिकर और पात्र किसानों को प्लॉट आवंटित किए जाने की मांग को लेकर रविवार को युवा किसान संघर्ष समिति के बैनर तले किसानों ने लोहियानगर बस अड्डा, बिजली बंबा पर किसान पंचायत की। पंचायत के बाद किसानों ने मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) के खिलाफ धरना शुरू कर दिया। किसानों ने दो टूक कहा कि जब तक उनका रुका हुआ प्रतिकर नहीं दिया जाता और पात्र किसानों को प्लॉट आवंटित नहीं किए जाते, तब तक योजना में MDA का कोई नया काम नहीं होने दिया जाएगा।
रुका प्रतिकर और प्लॉट आवंटन बना मुख्य मुद्दा
किसानों का कहना है कि लोहियानगर योजना के लिए उनकी जमीन लिए जाने के बावजूद कई किसानों को अब तक प्रतिकर का भुगतान नहीं हुआ है। वहीं, पात्र किसानों को प्लॉट आवंटित किए जाने की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हुई है। किसानों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक दोनों प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
‘पहले किसानों का हक, फिर योजना का काम’
पंचायत में किसानों ने कहा कि जमीन लेने के बाद उनका प्रतिकर रोकना और पात्र किसानों को प्लॉट न देना उनके साथ अन्याय है। किसानों ने स्पष्ट किया कि पहले उनके बकाया प्रतिकर का भुगतान और प्लॉट आवंटन किया जाए, इसके बाद ही लोहियानगर योजना में किसी नए कार्य को आगे बढ़ने दिया जाएगा।
किसान पंचायत की अध्यक्षता बाबा श्री धर्मपाल गुर्जर ने की, जबकि संचालन गौरव गुर्जर काजीपुर ने किया।
सैकड़ों किसान रहे मौजूद
धरने में पार्षद भारत भड़ाना, प्रिंस भड़ाना, आलोक बैंसला, भाकियू धनसिंह कोतवाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुर्जर, धनसिंह कोतवाल गुर्जर, सागर बैंसला, गौरव भड़ाना, मोहम्मद जल्लू घोसीपुर, विनोद भड़ाना, कृपाल बाबा, सुरेंद्र भड़ाना, मनोज भड़ाना, नीटू भड़ाना, बाबू भड़ाना, रिंकू भड़ाना और हरेन्द्र बैंसला समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment