कमिश्नरी कार्यालय में आयुक्त ने किया ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस पर अमर बलिदानियों को किया नमन, देश की एकता और अखंडता के लिए मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान
मेरठ, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कमिश्नरी कार्यालय में आयुक्त मेरठ मंडल भानु चन्द्र गोस्वामी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का गायन किया गया।
आयुक्त ने स्वतंत्रता आंदोलन और आजादी के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक देशवासी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है। देश को आजादी दिलाने के लिए महान स्वतंत्रता सेनानियों और अमर बलिदानियों ने असंख्य संघर्ष किए और अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि हम सभी का दायित्व है कि उनके आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करें।आयुक्त ने कहा कि भारत भाषा, संस्कृति, धर्म और परंपराओं की विविधता से समृद्ध राष्ट्र है। इन विविधताओं के बावजूद देशवासियों को एकजुट होकर भारत की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए कार्य करना चाहिए। सामूहिक प्रयासों से ही भारत को और अधिक मजबूत, विकसित एवं समृद्ध राष्ट्र बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर अपर आयुक्त अमित कुमार, अपर आयुक्त अमरीष कुमार बिन्द सहित कमिश्नरी कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



No comments:
Post a Comment