शहीद स्मारक पर डीएम ने पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को किया नमन, फहराया तिरंगा
गांधी आश्रम से शहीद स्मारक तक निकली प्रभात फेरी और तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
मेरठ, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मेरठ में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। जनपद में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। गांधी आश्रम से प्रभात फेरी एवं तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो इंदिरा चौक और बुढ़ाना गेट होते हुए शहीद स्मारक पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान लोगों ने पूरे जोश के साथ तिरंगा लहराया और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।
शहीद स्मारक पहुंचकर जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने अमर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान का गायन हुआ।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र के गौरव और सम्मान का पावन अवसर है। यह आजादी महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष एवं बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अमर शहीदों के आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए निरंतर कार्य करे।
उन्होंने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कार्यक्रम में अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की, जो सराहनीय है। उन्होंने सभी से राष्ट्र और मेरठ के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
डीएम ने विशेष रूप से युवाओं से अमर शहीदों और महान महापुरुषों के जीवन, संघर्ष तथा आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत को सशक्त, समृद्ध और वैश्विक पटल पर और ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर निरंतर प्रयास करना होगा। राष्ट्रहित के प्रत्येक कार्य में सक्रिय भागीदारी से ही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।
इस अवसर पर सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, डीपीआरओ वीरेंद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



No comments:
Post a Comment