राष्ट्रभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
मेरठ, 15 अगस्त। रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज (आरजी पीजी कॉलेज), मेरठ में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति, उत्साह और गौरव की भावना के साथ मनाया गया। इंडियन लैंग्वेज, कल्चर एंड आर्ट सेल द्वारा एनसीसी, एनएसएस, रेंजर्स एवं एसडब्ल्यूए के सहयोग तथा आईक्यूएसी एवं आरजीपीजी इनोवेशन काउंसिल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की थीम “हर हाथ तिरंगा, हर दिल तिरंगा—राष्ट्र सर्वोपरि” रही।
समारोह का शुभारंभ प्राचार्या प्रो. निवेदिता मलिक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रध्वज को गरिमापूर्ण सलामी दी। तिरंगा लहराते ही पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से भर गया। प्राचार्या ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन, ईमानदारी, एकता और समर्पण की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
एएनओ मेजर प्रो. अंजुला राजवंशी एवं सीटीओ प्रियंका ने एनसीसी कैडेट्स को राष्ट्रसेवा, अनुशासन, नेतृत्व और कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स समाज में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाने वाले युवा दूत हैं।
तिरंगा रैली ने जगाया राष्ट्रप्रेम
समारोह के बाद आरजी पीजी कॉलेज से आरजी इंटर कॉलेज तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। इसमें एनसीसी कैडेट्स, रेंजर्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, स्पोर्ट्स छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासित ढंग से आगे बढ़ रहे प्रतिभागियों ने पूरे मार्ग को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
रैली के दौरान “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा। रैली के माध्यम से “हर हाथ तिरंगा, हर दिल तिरंगा—राष्ट्र सर्वोपरि” का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता-अखंडता तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में इंडियन लैंग्वेज, कल्चर एंड आर्ट सेल की प्रभारी डॉ. उपासना सिंह, डॉ. प्रीति, डॉ. स्वाति शर्मा, डॉ. गरिमा कुमारी, एएनओ मेजर प्रो. अंजुला राजवंशी, सीटीओ प्रियंका सहित एनसीसी, एनएसएस, रेंजर्स, एसडब्ल्यूए, स्पोर्ट्स तथा महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम ने छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।



No comments:
Post a Comment