शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
मेरठ, 15 अगस्त। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अंजू सिंह ने तिरंगा ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महाविद्यालय परिवार ने समवेत स्वर में राष्ट्रगान गाया। कार्यक्रम संचालक डॉ. आशीष पाठक ने निदेशक उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा प्रेषित स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया।
प्राचार्य के मार्गदर्शन में एनसीसी इकाई द्वारा राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक तिरंगे के साथ यात्रा निकाली गई, जिसमें महाविद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शारीरिक शिक्षा विभाग के प्राध्यापकों के निर्देशन में छात्राओं ने रस्साकशी प्रतियोगिता में भी उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
इसके बाद प्राचार्य एवं प्राध्यापकों ने सरस्वती पूजन तथा शहीद मंगल पांडे की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। महाविद्यालय प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। छात्राओं ने राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का गायन किया। छात्रा गुनगुन सैनी और इकरा ने एकल काव्य पाठ किया, जबकि मुस्कान और तान्या ने युगल नृत्य प्रस्तुत किया। डॉ. राधा रानी, डॉ. शालिनी वर्मा एवं छात्राओं ने राष्ट्र वंदना प्रस्तुत की। छात्रा अंशु सैनी ने देशभक्ति से ओतप्रोत भाषण दिया।
प्रो. रामचंद्र सिंह ने अपने संबोधन में मेरठ के अमर शहीद धनसिंह कोतवाल के अविस्मरणीय योगदान पर प्रकाश डाला। बीए की छात्राओं ने देशभक्ति गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। बीए तृतीय वर्ष की छात्रा समीक्षा ने “धरती सुनहरी, अंबर नीला...” गीत पर मनमोहक नृत्य किया। एनसीसी छात्राओं ने देशभक्ति गीत पर जोशीला नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
प्रो. भारती दीक्षित ने युवा पीढ़ी से देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। बी.डी. बाजौरिया इंटर कॉलेज, सहारनपुर में आयोजित एनसीसी कैंप की टग ऑफ वार प्रतियोगिता में विजेता टीम का हिस्सा रहीं छात्रा मानविका को प्राचार्य ने सम्मानित किया।
राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अंजू सिंह ने अध्यक्षीय उद्बोधन में सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विभाजन की विभीषिका झेलने के बावजूद भारत ने विश्व में अपना महत्वपूर्ण स्थान बनाया है और प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। उन्होंने सभी से राष्ट्र निर्माण के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में स्वैच्छिक श्रमदान के तहत एनसीसी, रेंजर्स और एनएसएस की दोनों इकाइयों द्वारा महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें महाविद्यालय परिवार ने सहभागिता की। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। अंत में सभी को मिष्ठान वितरित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के सदस्यों एवं छात्राओं की उपस्थिति रही।



No comments:
Post a Comment