कोलंबिया में 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, कई इमारतें क्षतिग्रस्त; सैकड़ों लोगों के घायल होने की खबर
बोगोटा। दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार सुबह शक्तिशाली भूकंप के झटकों से हड़कंप मच गया। भूकंप की तीव्रता 7.4 बताई गई है। इसके झटके पड़ोसी देश इक्वाडोर तक महसूस किए गए। भूकंप के बाद कई इलाकों में लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय समय के मुताबिक भूकंप सुबह करीब 7 बजे आया। तेज झटकों के कारण कई इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर है। एहतियात के तौर पर कई मकानों और इमारतों को खाली कराया गया। वहीं, सैकड़ों लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई है।
बोगोटा से करीब 400 किलोमीटर दूर था केंद्र
अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार भूकंप का केंद्र कोलंबिया की राजधानी बोगोटा से करीब 400 किलोमीटर पश्चिम में पालमार इलाके के पास था।
भूकंप के तेज झटकों के बाद प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं। स्थानीय प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है। फिलहाल भूकंप से हुई कुल क्षति और घायलों की संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
इक्वाडोर तक महसूस हुए झटके
कोलंबिया के अलावा भूकंप के झटके पड़ोसी देश इक्वाडोर के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। अचानक आए तेज झटकों से लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने की सलाह दी गई है।



No comments:
Post a Comment