रक्त देने जा रहीं मां-बेटी की सड़क हादसे में मौत, छह साल के बच्चे का पैर कटा

गंगा एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर, मेडिकल कॉलेज में भर्ती महिला को बचाने निकला था परिवार

मेरठ। मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर बिजौली स्थित गंगा एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के पास सोमवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 65 वर्षीय शरबती और उनकी 35 वर्षीय बेटी कोमल की मौत हो गई। बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि छह वर्षीय बच्चे का घुटने के नीचे से पैर कट गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

बताया गया कि परतापुर थाना क्षेत्र के शिवपुरा गांव निवासी शरबती के बेटे सुनील की पत्नी काजल मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। उन्हें रक्त की जरूरत थी। डॉक्टरों की ओर से रक्त की मांग किए जाने पर शरबती अपनी बेटी कोमल, नाती और बाइक चालक लकी के साथ काजल को रक्त देने के लिए मेडिकल कॉलेज जा रही थीं।

सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जब बाइक खरखौदा थाना क्षेत्र में बिजौली स्थित गंगा एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के पास पहुंची, तभी सामने से तेज गति से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचते ही मां-बेटी ने तोड़ा दम

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेरठ मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने शरबती और कोमल को मृत घोषित कर दिया। वहीं छह वर्षीय बच्चे रुद्र का दाहिना पैर घुटने के नीचे से कट गया। बाइक चला रहा लकी भी गंभीर रूप से घायल है।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन मेडिकल कॉलेज की मर्चरी पहुंच गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कार छोड़कर भागा चालक

हादसे के बाद कार चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। खरखौदा इंस्पेक्टर समय पाल सिंह अत्री ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शरबती और कोमल की मौत हो गई। छह वर्षीय बच्चे का पैर कट गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts