कांवड़ यात्रा को लेकर बिजली विभाग अलर्ट, एमडी ने ओएमएस कंट्रोल रूम का किया औचक निरीक्षण

मंदिरों के फीडरों पर कड़ी निगरानी, ब्रेकडाउन होते ही बिजली बहाल करने के निर्देश

मेरठ, 10 अगस्त 2026। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) ने विद्युत सुरक्षा और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने सोमवार को पालव ऊर्जा भवन स्थित ओएमएस (आउटेज मैनेजमेंट सिस्टम) कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख मंदिर स्थलों की विद्युत आपूर्ति, कांवड़ मार्गों की सुरक्षा और कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की।

एमडी ने एमडीएम (मास्टर डेटा मैनेजमेंट) पोर्टल के माध्यम से प्रमुख मंदिर स्थलों की विद्युत व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने मंदिरवार और फीडरवार विद्युत आपूर्ति की स्थिति के साथ आउटेज की भी समीक्षा की।

मंदिरों के फीडरों पर रहेगी विशेष निगरानी

प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक के दौरान प्रमुख मंदिर स्थलों को बिजली आपूर्ति करने वाले फीडरों पर विशेष निगरानी रखी जाए। किसी भी कारण से ब्रेकडाउन होने पर बिना किसी देरी के विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए।

उन्होंने संबंधित नोडल अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कंट्रोल रूम की शिकायतों का तुरंत हो निस्तारण

एमडी ने सभी जनपदों में स्थापित कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली विद्युत संबंधी शिकायतों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम में दर्ज प्रत्येक शिकायत पर संबंधित अधिकारी तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करें।

कांवड़ मार्गों पर सेक्टरवार निगरानी

विद्युत सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रबंध निदेशक ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

विद्युत कर्मी कांवड़ मार्गों और प्रमुख स्थानों पर बिजली की लाइनों, पोलों और अन्य विद्युत व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। इसका उद्देश्य यात्रा मार्ग पर किसी भी विद्युत जोखिम को पहले ही चिन्हित कर दूर करना है, ताकि कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।

रैपिड रिस्पॉन्स टीमें रहेंगी मुस्तैद

प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों से कांवड़ यात्रा गुजरेगी, वहां तैनात विद्युत कर्मचारी लगातार क्षेत्र का निरीक्षण करते रहें। विद्युत लाइनों के कारण यात्रा में किसी तरह का व्यवधान न हो, इसके लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीमें सक्रिय रहेंगी।

संबंधित अभियंताओं को अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर रैपिड रिस्पॉन्स टीमों का नेतृत्व करने और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

एमडी रवीश गुप्ता ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts