मेरठ में 642 मेधावी बेटियों को साइकिल देकर सम्मानित, अतुल प्रधान बोले- शिक्षा से मजबूत होगा समाज

मेरठ। दौराला स्थित देव मंडपम में रविवार को सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान की ओर से भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की स्मृति में मेधावी छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जाट समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

समारोह में क्षेत्र की 642 मेधावी छात्राओं को साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें पढ़ाई जारी रखने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना बताया गया। साइकिल मिलने पर छात्राओं और उनके परिजनों में उत्साह नजर आया।

चौधरी चरण सिंह के विचारों को किया याद

विधायक अतुल प्रधान ने चौधरी चरण सिंह के विचारों को याद करते हुए कहा कि उनका मानना था कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, तभी देश मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा और किसान हित से जुड़े चौधरी चरण सिंह के विचार आज भी प्रासंगिक हैं।

उन्होंने मेधावी छात्राओं को आगे भी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया गया।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

समारोह में विकास चौधरी, महकार चौधरी, विजय राठी, गौरव चौधरी, अनिल प्रधान समसपुर, राहुल मान, सनोज जमालपुर, प्रमोद प्रधान, रविंद्र दौराला, संजीत सिंह, चंद्रवीर राठी, भरतवीर अहलावत, रोहित चौधरी सभासद सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से मेधावी छात्राओं का सम्मान करने के साथ ही बेटियों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज को आगे आने का संदेश दिया गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts