मोदीपुरम मेट्रो स्टेशन पर 17 वर्षीय किशोर जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा, मचा हड़कंप
मेरठ। मेरठ-रुड़की हाईवे स्थित मोदीपुरम रैपिड-मेट्रो स्टेशन पर शनिवार को सुरक्षा जांच के दौरान 17 वर्षीय किशोर के बैग से जिंदा कारतूस मिलने से हड़कंप मच गया। एसएसएफ के जवानों ने संदिग्ध सामान मिलने पर किशोर को रोक लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पल्लवपुरम पुलिस ने किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
स्टेशन प्रभारी निकिता वर्मा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है। स्टेशन की सुरक्षा में तैनात एसएसएफ कर्मियों के मुताबिक, पहली पाली के प्रभारी एसएसएफ दरोगा नितिन मलिक को सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के बैग में कारतूस मिला था। इसके बाद किशोर को रोककर पुलिस को जानकारी दी गई।
मुजफ्फरनगर का रहने वाला है किशोर
पूछताछ में सामने आया कि पकड़ा गया किशोर 17 वर्ष का है और मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके बैग से बरामद कारतूस के पेंदे पर KF09 5.56 अंकित बताया गया है।
कारतूस मिलने की सूचना फैलते ही स्टेशन परिसर में यात्रियों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने स्थिति संभालते हुए यात्रियों को वहां से आगे रवाना किया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि किशोर के पास जिंदा कारतूस कहां से आया और वह इसे अपने साथ लेकर मेट्रो स्टेशन क्यों पहुंचा था। मामले में किशोर से पूछताछ के साथ कारतूस की भी जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment