मेरठ में 5 मिनट की देरी पर डिलीवरी बॉय की पिटाई
घर में खींचकर ले गया युवक; गिरफ्तारी के लिए धरने पर बैठे डिलीवरी पार्टनर
मेरठ। मेरठ के गंगा सागर इलाके में ब्लिंकिट ऑर्डर की डिलीवरी में कथित तौर पर महज पांच मिनट की देरी को लेकर डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राहक ने गाली-गलौज करते हुए डिलीवरी बॉय को लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटा और उसे खींचकर फ्लैट के अंदर ले गया। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है।
पीड़ित डिलीवरी बॉय अमित यादव के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे वह गंगा हाइट्स बिल्डिंग के फ्लैट नंबर 110 में ऑर्डर लेकर पहुंचा था। आरोप है कि ऑर्डर लेट होने को लेकर युवक उससे नाराज था। दोनों के बीच कहासुनी के बाद युवक ने कथित तौर पर उसकी पिटाई शुरू कर दी।
CCTV में कैद हुई मारपीट
करीब साढ़े तीन मिनट के CCTV फुटेज में अमित फ्लैट की घंटी बजाते नजर आता है। दरवाजा खुलने के बाद युवक बाहर आता है और दोनों के बीच बातचीत होती है। इसी दौरान एक महिला भी वहां पहुंचती है। आरोप है कि युवक ने डिलीवरी बॉय को कई थप्पड़ और घूंसे मारे तथा उसे खींचकर फ्लैट के अंदर ले गया।
कुछ देर बाद अमित रोते हुए फ्लैट से बाहर निकलता दिखाई देता है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देने के साथ झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।
पीड़ित का आरोप- फोन छीना, रेप केस में फंसाने की दी धमकी
अमित ने बताया कि वह करीब एक साल से डिलीवरी बॉय का काम कर रहा है और साथ ही 12वीं की पढ़ाई भी कर रहा है। उसके अनुसार, ऑर्डर करीब पांच मिनट लेट हुआ था। ग्राहक का फोन आने पर उसने देरी की जानकारी दी थी।
अमित का आरोप है कि घर पहुंचने के बाद युवक ने उसका फोन छीन लिया और उस पर अपनी पत्नी के साथ बदतमीजी करने का आरोप लगाते हुए धमकाया। पीड़ित ने पुलिस को मामले की शिकायत दी।
20 से ज्यादा डिलीवरी बॉय धरने पर बैठे
घटना के विरोध में शनिवार सुबह 20 से अधिक डिलीवरी बॉय भावनपुर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने डिलीवरी ऑर्डर लेना भी बंद कर दिया। प्रदर्शन कर रहे डिलीवरी पार्टनरों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि गिरफ्तारी होने तक धरना जारी रहेगा।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश
सीओ सदर देहात सुधीर सिंह के मुताबिक, डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर यमन नाम के युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
आरोपी को लेकर यह भी बताया जा रहा है कि वह एक निजी बैंक में मैनेजर है। पुलिस अब CCTV फुटेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment