मेजर ध्यानचंद खेल विवि में राष्ट्रभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

मेरठ, 15 अगस्त। मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, मेरठ में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गौरव एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विश्वविद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित प्रभात फेरी में विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “जय जवान, जय किसान” के उद्घोष तथा देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों एवं वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को नमन किया। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को मजबूत करने तथा सशक्त, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने विश्वविद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है। उन्होंने युवा पीढ़ी से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रथम खेल विश्वविद्यालय के रूप में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, उत्कृष्टता, साहस, टीम भावना और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण एवं शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें राष्ट्र के विकास में प्रभावी योगदान के लिए तैयार करना है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विश्वविद्यालय परिवार में राष्ट्र के प्रति गौरव, एकता और समर्पण की भावना को और मजबूत किया। पूरे परिसर में तिरंगे की शान और देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts