पीएमएसएमए में मेरठ प्रदेश में अव्वल, 41,232 गर्भवती महिलाओं की जांच
मंडल के गाजियाबाद 8 वें व बुलंदशहर 15 स्थान पर
मेरठ। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के बेहतर क्रियान्वयन में मेरठ ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। अप्रैल से 31 जुलाई तक अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की जांच और स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन के आधार पर जारी रैंकिंग में मेरठ को प्रदेश में सर्वोच्च स्थान मिला है। संत कबीर नगर दूसरे और पीलीभीत तीसरे स्थान पर रहा। मेरठ मंडल के गाजियाबाद ने आठवां और बुलंदशहर ने 15वां स्थान हासिल किया।
अभियान के तहत प्रत्येक माह चार निर्धारित तिथियों 1, 9, 16 और 24 को गर्भवती महिलाओं की जांच की जाती है। अप्रैल से 31 जुलाई तक मेरठ जिले में 41,232 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। इसी अवधि में संत कबीर नगर में 23,390 और पीलीभीत में 20,491 गर्भवती महिलाओं की जांच हुई। जांच के बेहतर आंकड़ों और अभियान के प्रभावी संचालन के चलते मेरठ को प्रदेश में पहला स्थान मिला।
पीएमएसएमए के नोडल अधिकारी डा. राजेश कुमार ने कहा कि मेरठ का प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करना जिले के लिए गर्व की बात है। अभियान के सफल संचालन में स्वास्थ्य विभाग की टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राम प्रसाद ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाता है। अभियान की नियमित निगरानी और स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन से मेरठ को यह उपलब्धि मिली है। मेरठ के प्रथम स्थान पर आने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी है।


No comments:
Post a Comment