मेरठ में सजेगा प्रदेश का सब-जूनियर बास्केटबाल महाकुंभ
चार अगस्त से शुरू होगी 30वीं उत्तर प्रदेश राज्य चैंपियनशिप, 41 टीमें और करीब 500 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
मेरठ। प्रदेश के उभरते बास्केटबाल खिलाड़ियों के लिए मेरठ में चार से नौ अगस्त तक बड़ा खेल आयोजन होने जा रहा है। मेरठ पब्लिक स्कूल (एमपीएस) ग्रुप में 30वीं उत्तर प्रदेश राज्य सब-जूनियर (अंडर-14) बास्केटबाल चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। मेरठ बास्केटबाल एसोसिएशन और उत्तर प्रदेश बास्केटबाल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 23 बालक और 18 बालिका टीमें हिस्सा लेंगी।
चैंपियनशिप में करीब 500 खिलाड़ी, 50 कोच व मैनेजर तथा यूपीबीए और बास्केटबाल फेडरेशन के रेफरी भाग लेंगे। प्रतियोगिता लीग-कम-नाकआउट प्रारूप में खेली जाएगी। लीग चरण के बाद नाकआउट मुकाबले होंगे, जबकि नौ अगस्त को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
फ्लडलाइटयुक्त सिंथेटिक कोर्ट पर होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता के सभी मुकाबले एमपीएस मेन विंग परिसर में नवनिर्मित फ्लडलाइटयुक्त सिंथेटिक बास्केटबाल कोर्ट पर होंगे। खिलाड़ियों के लिए तीन कोर्ट तैयार किए गए हैं। मैच प्रतिदिन सुबह छह से नौ बजे तथा शाम पांच से रात नौ बजे तक खेले जाएंगे।
आयोजन को लेकर सोमवार को एमपीएस मेन विंग में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला बास्केटबाल एसोसिएशन के सचिव मिर्जा शहबाज बेग ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और चिकित्सा सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। आयोजन को सफल बनाने में मेरठ पब्लिक स्कूल ग्रुप के निदेशक एवं जिला बास्केटबाल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विक्रमजीत शास्त्री और एमपीएस परिवार का विशेष सहयोग मिल रहा है।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डा. राजीव अग्रवाल और संजय गुप्ता मुख्य अतिथि होंगे। क्षेत्रीय खेल अधिकारी जितेंद्र यादव भी समारोह में मौजूद रहेंगे।
आयोजन की तैयारियों में एमपीएस की प्रधानाचार्या अलका श्रीवास्तव, एमपीजीएस की प्रधानाचार्या रचना शर्मा सहित दोनों विद्यालयों के खेल विभाग जुटे हैं। जिला बास्केटबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष सौरभ जैन, संजय सिरोही, असलम, अंकुर पंवार, भगवान सिंह, अनुवीर सिंह, अंतरराष्ट्रीय कोच अमरजीत सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरिंदर सिंह और अन्य पदाधिकारी व स्वयंसेवक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं।
आयोजकों का कहना है कि चैंपियनशिप का उद्देश्य प्रदेश के बाल खिलाड़ियों को बेहतर मंच और खेल वातावरण उपलब्ध कराना है। छह दिनों तक चलने वाली यह प्रतियोगिता मेरठ में बास्केटबाल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।


No comments:
Post a Comment