साइकल रेस में दर्दनाक हादसा, कार से टकराकर 19 वर्षीय ब्रिटिश साइक्लिस्ट की मौत

पुर्तगाल। पुर्तगाल में जारी प्रतिष्ठित साइकल रेस ‘वोल्टा ए पुर्तगाल’ के आठवें चरण में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। रेस के दौरान 19 वर्षीय ब्रिटिश साइक्लिस्ट फिनले टार्लिंग की सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई। हादसे में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद रेस को तत्काल रोक दिया गया और पोडियम समारोह भी रद्द कर दिया गया।

मुख्य ग्रुप से अलग चल रहे थे टार्लिंग

फिनले टार्लिंग 166.8 किलोमीटर लंबी रेस में NSN डेवलपमेंट टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। वह टाइम ट्रायल में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए पहचाने जाते थे और करीब एक साल पहले ही टीम से जुड़े थे। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्रेट ब्रिटेन का प्रतिनिधित्व भी कर चुके थे।

बताया गया कि हादसा आर्कोजेलो और पोंटे डी लीमा के बीच N306 रोड पर हुआ। टार्लिंग मुख्य साइक्लिस्ट ग्रुप से अलग होकर आगे चल रहे थे। इसी दौरान ढलान से नीचे उतरते समय उनकी सामने से आ रही कार से जोरदार टक्कर हो गई।

प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसी कार

पुर्तगाली मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, कार रेस के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर गई थी। चालक को कथित तौर पर गलतफहमी हुई कि साइक्लिस्टों का पूरा समूह उस इलाके से गुजर चुका है। इसी वजह से वह उस दिशा में कार चला रहा था, जिधर से साइक्लिस्ट आ रहे थे।

टीम ने जताया गहरा दुख

NSN डेवलपमेंट टीम ने टार्लिंग की मौत की पुष्टि करते हुए गहरा दुख जताया। टीम ने उन्हें अपना प्रिय सदस्य बताते हुए कहा कि वह सिर्फ एक प्रतिभाशाली साइक्लिस्ट ही नहीं, बल्कि कई लोगों के बेटे, भाई और दोस्त थे। टीम ने कहा कि उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

रेस आयोजकों ने रद्द किया समारोह

हादसे के बाद वोल्टा ए पुर्तगाल और पुर्तगाली साइक्लिंग फेडरेशन ने टार्लिंग के परिवार, टीम के साथियों और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त की। हादसे के बाद आठवें चरण की रेस रोक दी गई और पुरस्कार समारोह भी रद्द कर दिया गया।

ब्रिटिश साइक्लिंग के परफॉर्मेंस डायरेक्टर स्टीफन पार्क ने टार्लिंग को उज्ज्वल भविष्य वाला प्रतिभाशाली साइक्लिस्ट बताया। उनकी असमय मौत से ब्रिटिश और पुर्तगाली साइक्लिंग जगत में शोक की लहर है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts