पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की संदिग्ध मौत, पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला शव
रामपुरहाट। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक आशीष बनर्जी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 70 वर्षीय आशीष बनर्जी का शव उनके घर से सटे पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कथित सुसाइड नोट भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
परिजनों के मुताबिक, आशीष बनर्जी शनिवार को पूरे दिन अपने कार्यालय में मौजूद थे। वहां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण भी किया गया था और उस समय सब कुछ सामान्य था। बाद में कार्यालय के दरवाजे के नीचे से रस्सी दिखाई देने पर परिजनों को शक हुआ। परिवार के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
आशीष बनर्जी बीरभूम की राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल थे। ममता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में पहली बार तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनने के बाद उन्होंने राज्य में शिक्षा और कृषि मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद वह पश्चिम बंगाल विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी रहे।
आशीष बनर्जी रामपुरहाट विधानसभा सीट से पांच बार विधायक चुने गए थे। हालांकि, वर्ष 2026 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा प्रत्याशी ध्रुव साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस कथित सुसाइड नोट और अन्य परिस्थितियों की जांच कर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


No comments:
Post a Comment