इजराइल का लेबनान पर हवाई हमला, 11 की मौत; 19 घायल
बेरूत। दक्षिणी लेबनान में इजराइली वायुसेना के हवाई हमलों में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 अन्य घायल हुए हैं। लेबनानी अधिकारियों के मुताबिक, अंसार और देर अल-जहरानी इलाकों में शनिवार को किए गए इन हमलों में बड़ी संख्या में नागरिक प्रभावित हुए।
अंसार के बाहरी इलाके में एक रिहायशी मकान को निशाना बनाया गया, जिसमें तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई। हमले में दो अन्य लोग घायल बताए गए हैं। वहीं, देर अल-जहरानी में हुए दूसरे हमले में चार लोगों की मौत और 17 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने की निंदा
लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने इजराइली हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई दक्षिणी लेबनान में स्थिरता और शांति स्थापित करने के प्रयासों को कमजोर करती है। उन्होंने कहा कि लेबनानी नागरिकों की सुरक्षा और अपनी जमीन पर शांतिपूर्ण जीवन जीने का अधिकार किसी बातचीत या सौदेबाजी का विषय नहीं हो सकता।
सलाम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि अंसार में मारे गए सात लोग किसी सैन्य ढांचे का हिस्सा नहीं थे। उन्होंने इजराइल से उकसावे वाली कार्रवाई रोकने की अपील की।
इजराइल ने हिजबुल्ला के ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया
वहीं, इजराइली सेना ने कहा कि उसके सैनिकों के खिलाफ की गई कार्रवाई के जवाब में अली ताहेर और अंसार क्षेत्रों में हिजबुल्ला के ढांचों को निशाना बनाकर हमले किए गए। इजराइली पक्ष का कहना है कि ये कार्रवाई क्षेत्र में हिजबुल्ला की गतिविधियों के जवाब में की गई।
लेबनानी अधिकारियों के अनुसार, यह हमला इजराइल और हिजबुल्ला के बीच संघर्ष विराम तथा बाद में हुए समझौते के बाद सबसे घातक हमलों में से एक है। इससे दक्षिणी लेबनान में संघर्ष विराम की स्थिति को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।


No comments:
Post a Comment