बेंगलुरु में इंजीनियर दंपती की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी
बेंगलुरु। राजागोपाल पुलिस थाना क्षेत्र में एक इंजीनियर दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। शुक्रवार को राजेश्वरी नगर के बैंक लेआउट स्थित किराए के मकान से दोनों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान दक्षिण कन्नड़ जिले के बेलथांगडी तालुक निवासी 32 वर्षीय सुमंत जैन और हुबली निवासी 29 वर्षीय पद्मावती के रूप में हुई है।
सुमंत नंदिनी लेआउट में सिविल इंजीनियर के तौर पर कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी पद्मावती व्हाइटफील्ड की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थीं। दोनों की करीब चार वर्ष पहले शादी हुई थी और वे लग्गेरे के पास बैंक लेआउट में किराए के मकान में रह रहे थे।
13 अगस्त से चल रहा था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपती के बीच 13 अगस्त से विवाद चल रहा था। इसी दौरान पद्मावती ने अपनी मां को व्हाट्सऐप पर कथित तौर पर संदेश भेजा था कि वह मरने जा रही हैं और शादी में मिले सोने के गहने मां ले लें।
इसके बाद सुमंत की ओर से भी कथित तौर पर एक संदेश भेजा गया, जिसमें उन्होंने अपने पीएफ के पैसे और घर में मौजूद सामान परिवार को लेने की बात कही। संदेश में पत्नी के साथ विवाद होने और मकान को लेकर झगड़े का भी जिक्र था।
हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
पुलिस को आशंका है कि सुमंत ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की हो और इसके बाद खुदकुशी कर ली हो। हालांकि पुलिस ने अभी इस संभावना की पुष्टि नहीं की है। दोनों की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अप्राकृतिक मौत (UDR) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस दंपती के मोबाइल फोन, व्हाट्सऐप संदेश और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment