इस्लामाबाद के अस्पताल में भीषण आग, 15 नवजात बच्चों की मौत
एसी के कंप्रेसर में विस्फोट के बाद आग लगने की प्रारंभिक जानकारी, नर्सरी में थे 16 नवजात
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के गायनेकोलॉजी वार्ड में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई। हादसे के समय वार्ड की नर्सरी में 16 नवजात शिशु मौजूद थे, जिनमें से केवल एक को सुरक्षित बचाया जा सका।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गायनेकोलॉजी विभाग में सुबह करीब सात बजे आग लगी। बताया जा रहा है कि एसी के कंप्रेसर में विस्फोट के बाद आग भड़की, जिसने देखते ही देखते वार्ड को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचा। बचावकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है और फिलहाल प्रभावित हिस्से में कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। घटना के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों की ओर से घटना की विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।


No comments:
Post a Comment