जेल में 15 अगस्त की तैयारी, बंदियों ने बनाए दो हजार से अधिक तिरंगे
मेरठ। चौधरी चरण सिंह जिला जेल में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 15 अगस्त को सुबह आठ बजे ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के अनुसार बंदी पिछले एक महीने से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं। जेल परिसर में रंगाई-पुताई और सजावट का काम भी चल रहा है।
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक समारोह में बंदी देशभक्ति गीतों पर आधारित नाटक, गीत-संगीत, झांकियां और नृत्य प्रस्तुत करेंगे। जिला प्रशासन के अधिकारी और अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। जेल नियमावली के अनुसार स्वतंत्रता दिवस पर बंदियों को विशेष भोजन के साथ मिष्ठान्न भी दिया जाएगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पुरुष बंदियों की ओर से दी जाएंगी, जबकि महिला बंदी कार्यक्रम में दर्शक के रूप में शामिल होंगी।
बंदियों ने तैयार किए दो हजार से अधिक तिरंगे
जेल के बंदियों ने स्वतंत्रता दिवस के लिए तिरंगे झंडे भी तैयार किए हैं। जेल प्रशासन के अनुसार बंदियों द्वारा दो हजार से अधिक तिरंगे बनाए गए हैं, जिन्हें तिरंगा यात्रा में भी इस्तेमाल किया गया। जेल के आउटलेट पर भी बंदियों द्वारा तैयार किए गए तिरंगे बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। स्वतंत्रता दिवस को लेकर जेल परिसर में देशभक्ति का माहौल बना हुआ है और बंदी कार्यक्रम को यादगार बनाने की तैयारियों में जुटे हैं।


No comments:
Post a Comment