पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय द्वारका में क्लस्टर स्तरीय कला उत्सव का आयोजन
नई दिल्ली। शिक्षा मंत्रालय की प्रमुख पहल ‘कला उत्सव’ के तहत पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, द्वारका सेक्टर-5 में क्लस्टर स्तरीय कला उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों की कलात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा भारतीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनमें रुचि विकसित करना रहा।
विद्यालय के प्राचार्य करमबीर, उप प्राचार्या सुमन कुमारी, सीएलए प्रभारी ओंकार नाथ तिवारी एवं विद्यालय स्टाफ के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में क्लस्टर के आठ केंद्रीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, दृश्य कला, थिएटर तथा विभिन्न पारंपरिक कला विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय के डीन ऑफ कॉलेजेज डॉ. बलराम पाणि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संस्कृत विश्वविद्यालय से आए प्रतिष्ठित कलाकारों एवं अतिथियों ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए भारतीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से कला और संस्कृति के विविध रंगों को जीवंत किया। प्रतिभागियों के उत्साह और प्रतिभा ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
क्लस्टर स्तरीय कला उत्सव का समापन विद्यालय के प्राचार्य करमबीर द्वारा प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए जाने के साथ हुआ। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवा प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
अंत में सुनील कुमार देवरानी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, प्रतिभागी विद्यालयों, शिक्षकों और आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


No comments:
Post a Comment