मेरठ में सनसनी: शादी से इनकार करने पर सिरफिरे आशिक ने प्रेमिका को सरेराह मारी गोली

खून से लथपथ सड़क पर तड़पती रही शाहीन, सहेली और उसके पति के सामने वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार

मेरठ। गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के अंजुम पैलेस के सामने एक शादीशुदा सिरफिरे प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को बीच सड़क पर गोली मार दी। गोली युवती के कान के पास लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। गंभीर रूप से घायल युवती को तुरंत केएमसी (KMC) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

सहेली के साथ बाइक से लौट रही थी घर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, २४ वर्षीय शाहीन का बुधवार को जन्मदिन था। गुरुवार रात वह अपनी खाला (मौसी) के घर गई हुई थी। देर रात करीब ११ बजे वह अपनी सहेली आयशा और उसके पति सरफराज के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रही थी। जैसे ही उनकी बाइक गणेशपुर चौकी से महज ३०० मीटर दूर अंजुम पैलेस के सामने पहुंची, घात लगाए बैठे आरोपी कैफ उर्फ बल्लू ने उन्हें जबरन रोक लिया और बाइक की चाबी निकाल ली।

'मुझसे शादी करो, वरना कहीं और नहीं होने दूंगा'

घायल युवती की सहेली आयशा ने बताया कि आरोपी कैफ उर्फ बल्लू ने शाहीन को बाइक से नीचे खींच लिया और विवाद करने लगा। आरोपी चीखते हुए शाहीन पर शादी करने का दबाव बना रहा था और धमकी दे रहा था कि 'अगर मुझसे शादी नहीं की, तो तुम्हारी शादी कहीं और नहीं होने दूंगा।'

इसके बाद आरोपी ने शाहीन के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब आयशा और उसके पति ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने तमंचा निकाल लिया। आरोपी द्वारा चलाई गई पहली गोली मिस हो गई, लेकिन उसने तुरंत दूसरा फायर किया जो सीधे शाहीन के कान के पास जाकर लगा।

भीड़ देख आरोपी फरार, सहेली को भी मारने का प्रयास

चश्मदीद आयशा के मुताबिक, शाहीन को गोली मारने के बाद आरोपी ने उस पर भी बंदूक तान दी थी। हालांकि, देर रात की आवाज सुनकर मौके पर जुटने लगी भीड़ को देखकर आरोपी कैफ उर्फ बल्लू मौके से भाग निकला। बदहवास सहेली और उसका पति घायल शाहीन को तुरंत अपनी बाइक पर लादकर केएमसी अस्पताल पहुंचे। वारदात के करीब आधे घंटे बाद पुलिस को मामले की लिखित सूचना दी गई।

पहले से शादीशुदा है आरोपी

आयशा ने यह भी खुलासा किया कि आरोपी बल्लू पहले से शादीशुदा है और उसने अपने मामा की बेटी से निकाह किया हुआ है। इसके बावजूद वह पिछले काफी समय से शाहीन को परेशान कर रहा था और उस पर निकाह करने का अनुचित दबाव बना रहा था।


पुलिस का बयान: प्रेम प्रसंग का मामला, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, सीओ और भारी पुलिस फोर्स के साथ ब्रह्मपुरी व लिसाड़ी गेट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया, "शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध और एकतरफा दबाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी तथ्यों और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर गहन जांच कर रही है। आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"

No comments:

Post a Comment

Popular Posts