मेरठ परिक्षेत्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 

इनामी डकैत समेत कई आरोपी गिरफ्तार, साइबर अपराधियों पर कसा शिकंजा

मेरठ, 14 जुलाई। मेरठ परिक्षेत्र पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत सोमवार को विभिन्न जनपदों में बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या, डकैती, साइबर अपराध, अपहरण, दुष्कर्म, मादक पदार्थ तस्करी और वाहन चोरी से जुड़े मामलों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया, चोरी का सामान बरामद किया तथा विभिन्न मामलों में दोषियों को न्यायालय से सजा भी दिलाई।

मेरठ जिले में 25 हजार रुपये के इनामी डकैत को गिरफ्तार किया गया। वहीं लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने महिला हत्या के मामले का सफल खुलासा करते हुए मृतका की ननद को गिरफ्तार किया। इसके अलावा वाहन चोरी के अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

बागपत जिले में सोशल मीडिया पर अवैध तमंचे के साथ वायरल वीडियो के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा बरामद किया।

बुलंदशहर में ऑपरेशन 'Cy-Vajra' के तहत साइबर ठगी में म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए। वहीं ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत हत्या के एक दोषी को न्यायालय ने आजीवन कारावास एवं 1,00,500 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। नाबालिग लड़की के अपहरण के एक अन्य मामले में आरोपी को 20 वर्ष के कठोर कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया।

हापुड़ जिले में दुष्कर्म के मामले में एक अभियुक्त एवं एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त दो गांजा तस्करों को भी गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।

मेरठ परिक्षेत्र पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई की जाती रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts