एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, बिजली और जलभराव की समस्याओं के समाधान की मांग
लखनऊ/मेरठ। विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज ने गुरुवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर मेरठ शहर विधानसभा क्षेत्र की बिजली, जल निकासी और जलभराव से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कांवड़ यात्रा को देखते हुए शहर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया।
धर्मेंद्र भारद्वाज ने मुख्यमंत्री को बताया कि शहर में बार-बार बिजली ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और अनियमित विद्युत आपूर्ति से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
जलभराव वाले क्षेत्रों का कराया अवगत
एमएलसी ने मुख्यमंत्री को बताया कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, माधवपुरम, ब्रह्मपुरी, बच्चा पार्क और डिफेंस कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में हर वर्ष जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और माधवपुरम का भू-स्तर नीचे होने तथा दिल्ली रोड नाले की क्षमता प्रभावित होने से जल निकासी बाधित रहती है। वहीं, ब्रह्मपुरी में काली नदी का जलस्तर बढ़ने पर बैक-फ्लो होने से जलभराव की स्थिति बन जाती है।
उन्होंने यह भी बताया कि बच्चा पार्क क्षेत्र में सात नालों का संगम होने के कारण पानी की निकासी धीमी हो जाती है, जबकि डिफेंस कॉलोनी में आबू नाला-1 से बैक-फ्लो होने पर वर्षा के दौरान लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर उठाई मांग
धर्मेंद्र भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु मेरठ से होकर गुजरते हैं। ऐसे में शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति, नालों की समयबद्ध सफाई, प्रभावी जल निकासी और जलभराव वाले क्षेत्रों में पंपिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने दिया आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एमएलसी द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने, जल निकासी प्रणाली में सुधार तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित एवं स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने की बात कही।
बैठक के बाद धर्मेंद्र भारद्वाज ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहर विधानसभा के नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े मुद्दों को वे लगातार सरकार के समक्ष उठाते रहेंगे।


No comments:
Post a Comment