देर रात मेरठ पहुंचा शहीद जवान जनेश्वर का पार्थिव शरीर

आज रछौती गांव में सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार, शोक में डूबा पूरा गांव

मेरठ।मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र के रछौती गांव निवासी भारतीय सेना के नायक जनेश्वर का पार्थिव शरीर गुरुवार देर रात मेरठ पहुंचा। देर रात होने के कारण अंतिम संस्कार नहीं किया जा सका। शुक्रवार को उनका पार्थिव शरीर गांव ले जाकर पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

जनेश्वर भारतीय सेना की कुमाऊं रेजीमेंट में नायक के पद पर तैनात थे और उनकी पोस्टिंग हिमाचल प्रदेश के शिमला में थी। करीब 15 दिन पहले गश्त के दौरान सेना का वाहन सड़क हादसे का शिकार हो गया था, जिसमें जनेश्वर सहित कई जवान घायल हो गए थे। सभी घायलों का सैन्य अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन बुधवार को इलाज के दौरान जनेश्वर ने अंतिम सांस ली।

सेना की ओर से निधन की सूचना मिलते ही परिजन शिमला रवाना हुए और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद गुरुवार रात उनका पार्थिव शरीर मेरठ लेकर लौटे। देर रात होने के कारण शव को सैन्य अस्पताल में रखा गया। शुक्रवार सुबह पार्थिव शरीर रछौती गांव ले जाया जाएगा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

जनेश्वर वर्ष 2014 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। उत्कृष्ट सेवा और अनुशासन के चलते उन्हें दो वर्ष पहले नायक के पद पर पदोन्नत किया गया था। वह तीन भाइयों में मंझले थे। उनके एक भाई खेती करते हैं, जबकि छोटे भाई भी भारतीय सेना में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं।

जनेश्वर अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। उनकी शादी को आठ वर्ष हो चुके थे। निधन की खबर से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव में शोक की लहर है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार उनके घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts