बार बालाओं के डांस पर थिरके रोडवेज कर्मचारी, वीडियो वायरल
मेरठ। सोहराब गेट बस अड्डे पर रोडवेज चालक पदम सिंह की सेवानिवृत्ति के अवसर पर आयोजित विदाई समारोह उस समय विवादों में घिर गया, जब कार्यक्रम में बार बालाओं के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सरकारी परिसर में हुए इस आयोजन को लेकर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, चालक पदम सिंह के सम्मान में बस अड्डा परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बार बालाओं के नृत्य का आयोजन किया गया, जिस पर कई रोडवेज कर्मचारी भी थिरकते नजर आए। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। समारोह के दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे, लेकिन किसी ने आयोजन को रोकने का प्रयास नहीं किया। वीडियो वायरल होने के बाद सरकारी परिसर में इस तरह के आयोजन और पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक और सरकारी परिसरों में आयोजित कार्यक्रमों की गरिमा बनाए रखी जानी चाहिए।
इस मामले में परिवहन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, वायरल वीडियो की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एआरएम राजीव कुमार ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। यदि ऐसा आयोजन हुआ है तो इसकी जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment