पीवीवीएनएल के तीन वरिष्ठ अधिकारियों को गरिमामय विदाई
मेरठ ।पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) मुख्यालय में शुक्रवार को मुख्य अभियन्ता (वाणिज्य) इं. प्रमोद कुमार सिंह, अधीक्षण अभियन्ता (वाणिज्य) इं. अनुराग भल्ला तथा अधिशासी अभियन्ता (वाणिज्य) इं. रविन्द्र प्रकाश के सम्मान में गरिमामय सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित किया गया। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने तीनों अधिकारियों को सम्मानित करते हुए उनके उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना की और स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता उसके कर्मठ एवं समर्पित अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान से संभव होती है। तीनों अधिकारियों ने अपने दीर्घ सेवाकाल में निष्ठा, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली के बल पर पश्चिमांचल डिस्कॉम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका अनुभव और कार्य संस्कृति भविष्य में भी निगम के कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
मुख्य अभियन्ता इं. प्रमोद कुमार सिंह ने वर्ष 1989 में सहायक अभियन्ता (प्रशिक्षु) के रूप में सेवा प्रारम्भ की थी। लगभग चार दशक के सेवाकाल में उन्होंने अधिशासी अभियन्ता, अधीक्षण अभियन्ता और मुख्य अभियन्ता सहित अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वहीं इं. अनुराग भल्ला ने वर्ष 1986 में अवर अभियन्ता के रूप में सेवा शुरू की और मेरठ, गाजियाबाद तथा मुरादाबाद सहित विभिन्न जनपदों में प्रशासनिक एवं वाणिज्यिक प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। इं. रविन्द्र प्रकाश ने वर्ष 1999 में पारीछा तापीय परियोजना, झांसी से अपनी सेवाएं प्रारम्भ कीं और मेरठ, शामली तथा सहारनपुर सहित विभिन्न जनपदों में तकनीकी एवं वाणिज्यिक कार्यों को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) इं. आशु कालिया ने कहा कि तीनों अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिचय दिया। उनका अनुभव एवं मार्गदर्शन सदैव पश्चिमांचल डिस्कॉम के लिए प्रेरणादायी रहेगा। समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी तीनों अधिकारियों के उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अभियन्ता इं. निखिल कुमार एवं दिलमणि थपलियाल ने किया।


No comments:
Post a Comment