कांवड़ यात्रा को लेकर आयुक्त सख्त, 12 अगस्त तक कोई अधिकारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा

कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, सफाई, बिजली, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश

मेरठ। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त भानु चन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 12 अगस्त तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना विशेष अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेगा, ताकि यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।

मंडलायुक्त ने कांवड़ मार्गों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, बाबा औघड़नाथ मंदिर के आसपास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करने तथा कांवड़ शिविरों में शुद्ध पेयजल, सुरक्षा और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आंधी और बारिश के कारण सड़कों पर गिरे पेड़ों को तत्काल हटाने और नगर क्षेत्र में घूम रहे गौवंशों को गौआश्रय स्थलों एवं कांजी हाउस भेजने के भी निर्देश दिए।

बैठक में कांवड़ यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया। इसके तहत कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, साइनेज, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सड़क मरम्मत, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, ट्रांसफार्मरों एवं बिजली के खंभों की सुरक्षा, शौचालय एवं मोबाइल टॉयलेट, महिला कांवड़ियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य शिविर, बाइक एंबुलेंस, गोताखोर तथा मोटरबोट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे, एमडीए उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, डीएफओ वंदना फोगाट, अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts